तबेला मालिक की गोली मारकर हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़।
बिहार में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और आए दिन आपराधिक गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। बिहारशरीफ़ जिले में एकंगरसराय थाना क्षेत्र के धोबिया टोला में तबेला मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मंगलवार की देर रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान धोबिया टोला निवासी महेंद्र यादव के रूप में की गई है। वे शारीरिक तौर पर दिव्यांग थे और तबेला चलाते थे। घटना के संबंध में उनके सहयोगी हिर्दय यादव ने बताया कि मंगलवार की रात्रि कुछ लोग बगल के तालाब में मछली मारने का काम कर रहे थे। इसी बीच बदमाशों ने इनके घर का किवाड़ खुलवाया और इनको देखते ही गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई गुड्डू यादव ने बताया कि पूर्व की विवाद में मछली मारने के लिए मना किया गया था। साथ में वर्षों पूर्व इनके साथ भूमि विवाद भी था जिसमें लोग इनसे खार खाए हुए थे। उन्हें मौके की तलाश थी कि उसे रास्ते से हमेशा के लिए हटा दिया जाए। घटना की सूचना एकंगरसराय थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच के दौरान एक गोली का खोखा, एक पिस्तौल और साथ में कटर गढ़ासे बरामद किया। इस संबंध में एक हत्या की प्राथमिकी एकंगरसराय थाने में दर्ज की गई है जिसमें अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस मौके पर से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। एकंगरसराय थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामला हत्या का है पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। उनके मुताबिक जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।