दिल्ली में कॉल सेंटर, मुंबई में उगाही
संवाददाता/in24 न्यूज़।
मुंबई की मालाड साइबर सेल पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोन दिलाने के नाम पर भोली भाली जनता को अपनी ठगी का शिकार बनाया करता था.इस गिरोह के एक शातिर सदस्य को पुलिस ने राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया है.जिस पर पैसों की उगाही के लिए कॉल सेंटर संचालित करने का आरोप है.इनकी मोडस ऑपरेंडी के बारे में पुलिस का कहना है कि ये शातिर नटवरलाल लोन दिलाने के नाम पर लोन के इच्छुक व्यक्ति से प्रोसेसिंग फीस की मांग करते हैं.जब कोई पीड़ित इनके बैंक अकाउंट में प्रोसेसिंग फ़ीस के पैसे भेज देता,तो ये शातिर बदमाश अपना फोन बंद कर मौके से नौ-दो ग्यारह हो जाते थे.मालाड पुलिस की साइबर सेल ने इस आरोपी को जिस मोबाइल हैंडसेट के साथ गिरफ्तार किया है.इसके जरिये इसके कई और साथीदारों के नाम सामने आने की पुलिस ने आशंका जताई है.खबर के मुताबिक मलाड पुलिस स्टेशन की हद में रहने वाले सुमित बंसाली ने अपने पैसे लाइफ इन्सुरेंस पालिसी में इन्वेस्ट कर रखा था, जिसकी श्रीराम इन्सुरेंस और इंडिया फर्स्ट इन्सुरेंस में भी पालिसी है.एक दिन सुमित को दिल्ली से लोन विभाग की तरफ से एक कॉल आया कि आपको लोन की जरूरत है क्या ? जिस पर सुमित ने तत्काल हामी भर दी क्योंकि उसे वाकई 12 लाख रुपये की सख्त आवश्यकता थी.लोन के लिए हामी भरने के बाद सुमित के मोबाइल पर किसी मनीष शर्मा नाम के युवक का कॉल आया कि आपका 12 लाख रुपए का लोन हो जाएगा। लेकिन इसके लिए आपको कुछ प्रोसीजर कंप्लीट करने होंगे मनीष ने सुमित को सिंडिकेट बैंक का अकाउंट नंबर दिया और बताया कि आपको टीडीएस और प्रोसेसिंग फ़ीस के लिए लगभग 2 लाख 80 हजार 5 सौ रुपये देने होंगे. जैसे ही सुमित ने मनीष के बैंक एकाउंट में पैसे भेजे, वैसे ही मनीष का फ़ोन बंद हो गया। जिसके बाद पीड़ित युवक ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को शिकायतकर्ता के पास मिले मोबाइल नंबर का लोकेशन दिल्ली का मिला, जिसके तत्काल बाद मालाड पुलिस की सायबर सेल की टीम दिल्ली पहुंची जहां पुलिस ने पाया कि आरोपी मनीष शर्मा दिल्ली में कॉल सेंटर चलाता है और यहां उसने 6 पढ़े लिखे शिक्षित नौजवानों को उसने नौकरी पर रखा था जो मनीष के लिए पैसों की उगाही का काम किया करते थे. यही नहीं आरोपी मनीष के साथ अन्य कई ऐसे साथी हैं, जिन्होंने डेबिट कार्ड और बैंक डिटेल देने पर हर ट्रांसजक्शन पर साढ़े 12 सौ रुपये लेने की बात कबूली है. फिलहाल इस वारदात में शामिल एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है, उसके पास से क्राइम में इस्तेमाल किये गए मोबाइल हैंड सेट को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। फिलहाल बाकी के आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है.