दिवाली के दौरान विस्फोट में 2 की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
खुशियों के पर्व दीपावली का सारा मज़ा तब फीका हो गया जब हैदराबाद के पुराने शहर में एक मूर्ति बनाने वाली इकाई में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घटना गुरुवार की देर रात छत्रीनाका थाना क्षेत्र के कांदीकल गेट इलाके में उस समय हुई जब मजदूर दिवाली समारोह के दौरान पटाखे फोड़ रहे थे। मृतकों की पहचान विष्णु (25) और जगन्नाथ (30) के रूप में हुई है। घायल हुए वीरेंद्र को सरकार द्वारा संचालित उस्मानिया सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे जबकि घायल व्यक्ति उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल भेज दिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उस यूनिट में पहुंचे, जहां प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां बनाई जाती हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का दौरा किया और नमूने एकत्र किए। पुलिस को संदेह है कि विस्फोट उस समय हुआ जब पटाखे वहां रखे रसायनों में गिरे थे। आगे की पुलिसिया कार्रवाई जारी है।