दोस्तों से पति ने पत्नी से दुष्कर्म करवाया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दोस्ती एक ऐसा शब्द है जो अपनों से भी अधिक विश्वसनीय है. मगर कलयुग में दोस्ती शब्द के भाव को तार-तार करनेवालों की भी कमी नहीं है. गौरतलब है कि एक बिजनसमैन पर उसकी पत्नी ने वाइफ स्वैपिंग (पत्नी की अदला-बदली) का आरोप लगाया है. 39 वर्षीय महिला का आरोप है कि उसके पति के तीन दोस्तों ने उसके साथ 2017 से लेकर अब तक कई दफा रेप किया. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. महिला ने आरोप लगाया है कि उसने एक घटना की विडियो रिकॉर्डिंग भी की है. मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने आरोपी को 23 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. दोनों की शादी साल 2003 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं. महिला ने अपने पति से तलाक मांगा था और उसके खिलाफ घरेलू हिंसा का भी मामला दर्ज कराया था. महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने धमकी दी थी कि किसी को भी इसके बारे में न बताए, नहीं तो वह उसकी हत्या कर देगा. महिला ने बताया कि पहली बार उसके साथ 15 जून 2017 को रेप हुआ था. महिला के मुताबिक, डिनर के बाद उसके पति ने उसे अपने एक दोस्त से मिलवाया था. महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति खुद भी अपने दोस्त की पत्नी के साथ शारीरिक संबंध रखता था. महिला के मुताबिक, इसके बाद एक फ्लैट पर उसके पति के दोस्त ने उसके साथ रेप किया. दूसरी तरफ उसका पति अपने दोस्त की पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बना रहा था. अक्टूबर महीने में उसके पति ने फिर उसे अपने एक दोस्त के हवाले कर दिया और रेप के बाद जान से मारने की धमकी दी. दो दिन बाद ही उसने उसे एक तीसरे शख्स के हवाले कर दिया, जिसने उसके साथ रेप किया. एक हफ्ते बाद फिर महिला के साथ रेप की वारदात हुई और इस बार यह सब उसके पति के सामने ही हुआ, जिसे उसने अपने फोन में रिकॉर्ड किया. उसके मुताबिक, इसके बाद फरवरी 2018 तक कई बार वह अपने पति के दोस्तों की हवस का शिकार हुई. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रेप, मारपीट और आपराधिक धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.