नकली टीसी पकड़ा गया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अगर आप रेलवे से सफर करते हैं तो टीसी से भलीभांति परिचित होंगे. कई बार आपको समझ नहीं आता होगा कि टीसी असली है या नकली! अब एक टीसी को पकड़ा गया है जो नकली था. गौरतलब है कि रविवार को सिकंदराबाद से बल्लारशाह जाने वाली भाग्यनगर एक्सप्रेस में एक नकली टीसी ने यात्रियों को धमकाकर उनसे पैसे वसूलने की बात सामने आई है। इस फर्जी टीसी से न सिर्फ यात्रियों को धमकाया व पैसे वसूले बल्कि इसने एक यात्री को ब्लेड से घायल भी कर दिया जिससे यात्रियों के साथ ही रेल विभाग में भी हलचल मच गई। काजीपेट के जीआरपी एसआई जीतेंदर रेड्डी के कथनानुसार मंचिर्याल जिले का रहने वाला गुंडे टी राजेश (30) भुवनगिरी में लकड़ी की मशीन का काम करता है। शाम के समय शराब के नशे में धुत राजेश घर जाने के लिए रेल में चढ़ गया। रेल में चढ़ते ही उसने यात्रियों से कहा कि वे उसे अपना टिकट बताए और जिसके पास टिकट नहीं है वह जुर्माना भरे, ऐसा नहीं करने पर वे जेल जा सकते हैं। ऐसा कहकर उसने यात्रियों से पैसे वसूले। उसके पास ब्लेड भी था तो उसने एक यात्री को ब्लेड से चोट भी पहुंचाई जिससे सारे यात्री डर गए। जब रेल काजीपेट जंक्शन पहुंची तो यात्रियों ने रेलवे पुलिस को सूचित किया। पुलिस उसे गिरफ्तार करके जीआरपी पुलिस स्टेशन ले गई। सोमवार को उसे रिमांड पर लिया गया।