नांदेड़ के आश्रम में साधु की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पालघर और पंजाब में साधु-संतों की हत्या बाद भी यह सिलसिलाथमने का नाम नहीं ले रहा है. ताज़ा मामला महाराष्ट्र के नांदेड़ का जहां फिर बेरहमी से एक और संत की हत्या कर दी गई. बता दें कि महाराष्ट्र के पालघर में कुछ दिनों पहले दो साधुओं की मॉब लिंचिंग ने पूरे देश में तूफान ला दिया था. अब नांदेड़ में एक साधु की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नांदेड़ में लिंगायत समुदाय के साधु की हत्या का मामला सामने आया. इस साधु का नाम रुद्र पशुपति महाराज है. पुलिस के अनुसार लिंगायत समाज के ही एक अन्य व्यक्ति ने साधु की हत्या की है. आरोपी का नाम साईनाथ राम बताया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि साधु के अलावा पास ही रहने वाले एक और शख्स की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस इसे आरोपी साईनाथ का साथी मान रही है. पुलिस ने बताया कि साधु की हत्या आश्रम में घुसकर की गई है. पुलिस के अनुसार, रात 12 साढ़े 12 के बीच लिंगायत समुदाय के इस साधु की हत्या की गई. साधु की हत्या के बाद आरोपी ने उनके शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की थी. आरोपी साधु के शव को उनकी ही कार में रखकर ले जाना चाहता था लेकिन कार गेट में ही फंस गई. इस दौरान मठ के छत पर सो रहे दो सेवादार जाग गए. इसके बाद आरोपी कार छोड़कर भागने लगा तो सेवादारों ने उसे खदेड़कर पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भागने में कामयाब रहा. इसके अलावा जिला परिषद स्कूल के पास एक और शव मिलने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि यह मृतक भगवान राम शिंदे है जो साधु की हत्या का आरोपी साईनाथ का साथी है. फिलहाल आरोपी ने साधु की हत्या क्यों की. उसके साथी की हत्या किसने की, इन सब तथ्यों की जांच पुलिस कर रही है. पुलिस ने बताया कि साधु साल 2008 से निर्वाणी मठ संस्थान में आए थे. निर्वाणी मठ संस्थान तकरीबन सौ साल पुराना मठ है. इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार में मंत्री अशोक चव्हाण ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है. सीएम उद्धव ठाकरे ने भी मामले का संज्ञान लिया है.