Breaking News

नाबालिग मां ने बच्चे को जन्म देकर कर दी उसकी हत्या

06 Mar, 2023 765

संवाददाता/in24 न्यूज़.
क्या एक मां अपने बच्चे को जन्म देने के बाद उसकी जान ले सकती है! जवाब है एक घटना के तहत ऐसा हुआ है। महाराष्ट्र के नागपुर (Nagpur) शहर में कथित यौन शोषण की शिकार 15 वर्षीय एक लड़की ने पहले तो यूट्यूब वीडियो देखने के बाद अपने घर में एक बच्ची को जन्म दिया फिर नवजात की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की का यौन शोषण करने वाले व्यक्ति से उसका परिचय सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। पुलिस के मुताबिक उसने अपनी मां से यह कहकर अपना पेट छुपाया कि उसे कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हैं। अंबाझरी निवासी लड़की को मामले को छुपाने के लिए घर पर ही डिलीवरी करने का आइडिया आया और उसने यूट्यूब देखना शुरू कर दिया। अधिकारी ने बताया कि दो मार्च को उसने अपने ही घर में एक बच्ची को जन्म दिया और तुरंत ही नवजात की गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसने शव को अपने घर के एक बॉक्स में छिपा दिया। जब उसकी मां घर लौटी, तो उसने लड़की से उसके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में पूछा। तब उसने सारी बात अपनी मां को बता दी। इसके बाद मां उसे अस्पताल ले गई। नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

अन्य खबरे