Breaking News

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करनेवाले तीन हिरासत में

16 Sep, 2021 736

संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का फरीदाबाद के थाना साइबर अपराध की टीम ने बुधवार को भंडाफोड़ करते हुए एक महिला सहित गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित में अभिषेक हिमांशु तथा आरोही (बदला हुआ नाम) का नाम शामिल है। इस मामले में इनका एक अन्य साथी भी शामिल है जो इस गिरोह का मुखिया है और जिसे पुलिस द्वारा जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों को अदालत में पेश करके 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया जिसमें पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई राज उगले। लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए आरोपियों ने बहुत ही नायाब तरीका अपनाया हुआ था। क्यूकर डॉट कॉम एक ऐसी वेबसाइट है जो लोगों को नौकरी दिलाने में सहायता करती है, जहां पर नौकरी की तलाश में कोई भी व्यक्ति अपना बायोडाटा उस वेबसाइट पर अपलोड कर सकता है। जिस किसी कंपनी में भी नौकरी के लिए वर्करों की आवश्यकता होती है उस कंपनी की जानकारी प्राप्त करके आवेदनकर्ता उसकी आवश्यकता अनुसार नौकरी प्राप्त कर सकता है। आरोपियों ने भी इसी वेबसाइट का फायदा उठाकर उन व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित करते थे जिन्हें नौकरी की आवश्यकता होती है। आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2020 में लॉकडाउन के पश्चात इन्होंने इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया था। इसके लिए आरोपियों ने दिल्ली के गाजापुरी एरिया में अपना एक कॉल सेंटर खोल रखा था। आरोपी अभिषेक प्रतिदिन 50 लोगों को कॉल करके लोगों के साथ धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देता था। महिला आरोपी आरोही इस कंपनी में मैनेजमेंट का कार्य करती थी और वहीं इस गैंग का मुखिया, इनका चौथा साथी इस कंपनी का मालिक है जो इन्हें हर आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाता है।  शुरुआत में आरोपी आवेदनकर्ता से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2500 रुपए चार्ज करते और बाद में आरोपी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नेशनल करियर सर्विस या डिजिटल करियर सर्विस के नाम से बनाई गई अपनी फर्जी ईमेल आईडी से आवेदनकर्ता को ई-मेल भेजकर रजिस्ट्रेशन फीस, ऑनलाइन इंटरव्यू, अप्वाइंटमेंट लेटर व अन्य सेवाओं के नाम पर अलग-अलग रकम अपने फर्जी बैंक खातों में डलवा लेते थे। फिलहाल आगे की जांच शुरू है।

अन्य खबरे