पाकिस्तान की जीत पर बीवी ने पटाखे फोड़े तो शौहर ने कराई पुलिस में शिकायत दर्ज
संवाददाता/in24 न्यूज़।
पति-पत्नी के रिश्ते के बीच खेल की जीत हार से कितना बड़ा असर पड़ता है इसका एक गंभीर मामला यूपी से सामने आया है। 24 अक्टूबर को हुए टी20 वर्ल्ड प मैच में भारत पर पाकिस्तान की जीत का कथित तौर पर जश्न मनाने के लिए एक शौहर ने अपनी बीवी और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा की गई शिकायत के आधार पर भारतीय क्रिकेट टीम का मजाक उड़ाने का मामला हमारे संज्ञान में आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। रामपुर के अजीम नगर निवासी शिकायतकर्ता ईशान मियां ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी राबिया शम्सी और उनके परिवार ने टी20 विश्व कप मैच में पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाते हुए पटाखे फोड़े और व्हाट्सएप स्टेटस डाला। प्राथमिकी रामपुर जिले के गंज पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 67 के तहत दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि शादी के तुरंत बाद से पति-पत्नी अलग रहने लगे। पत्नी अपने परिवार के साथ रहती है और उसने पति के खिलाफ दहेज का मामला दर्ज कराया है। एसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जाहिर है पति-पत्नी के रिश्ते में आज की तारीख में अलगाव की संख्या बढ़ती ही जा रही है।