Breaking News

अक्टूबर से शुरू होगा वर्सोवा बांद्रा सी लिंक कार्य

27 Feb, 2018 1508
  सौम्य सिंह/in24 न्यूज़  लंबे समय से लटकी वर्सोवा बांद्रा सी लिंक परियोजना के निर्माण कार्य को हरी झंडी मिल चुकी है और यह निर्माण कार्य अक्टूबर महीने में शुरू हो जाएगा। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) से मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल में इसके निर्माण कार्य का ठेका दिया जाएगा। ठेकेदार को वर्क ऑर्डर मिलने की तारीख से 60 महीने में परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा।  आपको बता दें कि मुंबईकरों को सड़क यातायात की समस्या से निजात दिलाने के लिए बांद्रा-वर्सोवा सी-लिंक का निर्माण करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन यह परियोजना कभी पर्यावरण की मंजूरी तो कभी कैबिनेट में पैसों की मंजूरी को लेकर अटकी रही। अब राज्य सरकार ने इन सभी समस्याओं को सुलझा लिया है। एमएसआरडीसी के अनुसार, परियोजना के निर्माण के लिए निविदाएं मंगाई गई हैं। 5 मार्च को निविदा का अनुरोध (आरएफटी) जारी किया जाएगा। इसके बाद 30-60 दिन में निर्माण कार्य का ठेका दिया जाएगा। परियोजना के मुख्य अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य का ठेका अप्रैल के अंत तक दे दिया जाएगा। इसके बाद मशीनरी और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए 6 माह का वक्त लगता है। यह देखते हुए मॉनसून के बाद अक्टूबर से काम शुरू किया जाएगा। बहरहाल बढ़ती ट्रैफिक और यातायात समस्याओं से निजात पाने की ओर यह एक बड़ा कदम माना जा सकता है क्योंकि मुंबई में ट्रैफिक जाम से मुंबईकर काफी परेशान रहते हैं और वर्सोवा, अंधेरी से बांद्रा की ओर जाने वाले वाहनों को भी इस सी लिंक से काफी सहूलियत मिलेगी। 
 
 
 

अन्य खबरे