पालघर में रिश्वत लेते GST अधिकारी धराया
संवाददाता/ in24 न्यूज़
महाराष्ट्र के पालघर जिले के अंतर्गत आने वाले बोइसर इलाके में सीबीआई ने एक जीएसटी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह जीएसटी अधिकारी ने एक व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई न करने के एवज में उससे रिश्वत की मांग की थी, जिसकी पहली किश्त लेते हुए उसे सीबीआई ने रंगे हाथ धर दबोचा। इस रिश्वतखोर भ्रष्टाचारी का नाम है सिद्धार्थ कौशिक, जो पेशे से जीएसटी अधिकारी है.
बोइसर के व्यवसायी अभिनव चौधरी के मुताबिक जीएसटी अधिकारी सिद्धार्थ कौशिक ने कुछ दिन पहले उन्हें फ़ोन किया और उन्हें बताया कि उनका सर्विस टैक्स का चार लाख रुपए बकाया है. सिद्धार्थ कौशिक की बात सुनकर बोइसर पश्चिम स्थित चित्रालय में रहने वाला अभिनव चौधरी चौंक उठा, चूँकि वो पेशे से पेंटर का काम करता है और समय-समय पर अपना जीएसटी भी भरता है, फिर भी अपने संदेह को दूर करने के लिए अभिनव ने जीएसटी अधिकारी सिद्धार्थ कौशिक से मुलाकात की. उस दौरान अभिनव चौधरी ने जीएसटी अधिकारी सिद्धार्थ कौशिक को एक कागज दिया जो, उसे उसके सीए ने दिया था. उस कागज को देखने के बाद सिद्धार्थ कौशिक 4 लाख की बजाय 2 लाख रुपये पर आ गया और उसने अभिनव से कहा कि उसका सर्विस टैक्स 2 लाख के आस-पास बकाया है, जिसे तत्काल वो भरे. यही नहीं सिद्धार्थ कौशिक ने अभिनव को बकाया शुल्क नहीं भरने पर कार्रवाई की धमकी दी. साथ-साथ मामले को रफा-दफा करने के लिए पूरी राशि का 35 प्रतिशत हिस्सा भी मांगा।
लेकिन जब अभिनव ने कोई बकाया राशि नहीं होने की बात कही तो सिद्धार्थ कौशिक भड़क उठा और उसने अभिनव को कार्रवाई करने की धमकी दी. जब अभिनव को इस बात की खात्री हो गयी कि अभिनव रिश्वत की रकम लिए बगैर नहीं जायेगा, तो उसने पहले अपनी शिकायत सीबीआई इंस्पेक्टर रंजीत पांडे से की और फिर सीबीआई अधिकारी रंजीत पांडे द्वारा बताये अनुसार रिश्वत के पैसों को कम करने का अनुरोध जीएसटी अधिकारी सिद्धार्थ कौशिक से की. और आखिरकार 20 हजार की रिश्वत के लिए सिद्धार्थ कौशिक तैयार हो गया. जिसके बाद 20 हजार रुपये में से पहली किश्त 10 हजार रुपए अभिनव ने सिद्धार्थ को दिए और जैसे ही सिद्धार्थ ने रिश्वत के पैसे गिनने शुरू किए वैसे ही सीबीआई इंस्पेक्टर रंजीत पांडे द्वारा बिछाए गए जाल में वो बुरी तरह से फंस गया.
जिसके बाद सीबीआई अधिकारियों ने सिद्धार्थ को रिश्वत की पहली किश्त लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जीएसटी अधिकारी सिद्धार्थ को गिरफ्तार करने के बाद उसे सीबीआई ने कोर्ट में पेश किया जहां से उसे तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया है फिलहाल सीबीआई ऑफिसर रंजीत पांडे इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.