Breaking News

पुलिस के हत्थे चढ़ा विकास दुबे का कैशियर

20 Jul, 2020 846

संवाददाता/in24 न्यूज़.
हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के कैशियर और खास सहयोगी जयकांत वाजपेयी और उसके दोस्त को सोमवार तड़के पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विकास दुबे के कैशियर के रूप में मशहूर जयकांत पिछले 16 दिन से कथित रूप से पुलिस की हिरासत में था। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जयकांत पर आपराधिक साजिश करने और विकास दुबे को बिकरू मुठभेड़ से पहले दो लाख रुपए और रिवाल्वर के 25 कारतूस देने का आरोप है। पुलिस के बयान में कहा गया है कि आज सुबह उसे गिरफ्तार किया गया है। विवेचना में पाया गया कि जयकांत वाजपेयी और उसके दोस्त प्रकाश शुक्ला ने बिकरू कांड से पहले कुख्यात अपराधी विकास दुबे के घटना को अंजाम देने के षडयंत्र में संलिप्त रह कर मदद की। इसमें कहा गया है कि एक जुलाई को विकास दुबे ने जयकांत वाजपेयी को फोन किया, इसके बाद उसने अपने साथी प्रशांत शुक्ला के साथ दो जुलाई को बिकरू गांव पहुंचकर विकास दुबे को दो लाख रूपये नकद एवं रिवाल्वर के 25 कारतूस दिए और घटना को अंजाम देने में उसकी सहायता की। पुलिस ने बयान में आगे बताया कि योजना के मुताबिक वाजपेयी और उसके साथी ने विकास दुबे व उसके गिरोह को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिये तीन लग्जरी गाड़ियों चार जुलाई को लेकर जा रहा था और पुलिस की सक्रियता की वजह से उनलोगों ने तीनो वाहनों को काकादेव थाना क्षेत्र में छोड़ गया था। बयान के मुताबिक सोमवार को पुष्टि कारक साक्ष्य उपलब्ध होने के बाद दोनों को विभिन्न आपराधिक धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्त जयकांत वाजपेयी के द्वारा लाइसेंस प्राप्त कारतूसों को विकास दुबे गैंग को दिए गए, इसके फलस्वरूप बाजपेयी के खिलाफ हथियार अधिनियम के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया है। गौरतलब है कि दो तीन जुलाई की देर रात कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव बिकरू निवासी दुर्दांत अपराधी विकास दुबे को उसके गांव पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसने हमला कर दिया जिसमें एक क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मी मारे गए थे। मुठभेड़ में पांच पुलिसकर्मी, एक होमगार्ड और एक आम नागरिक घायल हो गए थे। बाद में पुलिस मुठभेड़ में विकास दुबे भी मारा गया था। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले में कई और सच सामने आएंगे।  

अन्य खबरे