फर्जी पेटीएम से धंधा करनेवाले आठ गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
तकनीकी रूप से भले ही देश लगातार समृद्ध होता जा रहा है, मगर अपराधी भी हर किस्म की अपनी तकनीक विकसित कर लेते हैं. हैदराबाद पुलिस ने बुधवार को फर्जी पेटीएम मोबाइल एप्लीकेशन से दुकानदारों को ठगने के चार अलग-अलग मामलों में आठ लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मोहम्मद मुस्तफा हुसैन मुजकिर, सैयद आमिर हसन, सैयद इलियास, सैयद वाजिद अली, हफीज राणा, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद अब्दुल शहीद और मोहम्मद के रूप में की गई है।इस बात की जानकारी के हैदराबाद पुलिस की ओर से दी गई है। कमिश्नर अंजनी कुमार ने मामले के बारे में जानकारी दी कि सभी आरोपियों ने यूट्यूब के जरिए पेटीएम स्पुफ के बारे में जानकारी हासिल की थी। इसके बाद गूगल से यह ऐप अपने फोन में डाउनलोड कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने कई जगहों पर दुकानों मे खरीदारी कर इस फर्जी पेटीएम स्पुफ से बिल का ऑनलाइन भुगतान करने का झांसा दिया। ऑनलाइन पेमेंट के वक्त दुकानदार को मैसेज मिलता है। हालांकि कुछ देर बाद दुकानदार को पता चलता है कि उसे भुगतान नहीं हुआ है। इस प्रकार आरोपियो ने कुल चार जगह अलग अलग ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। इसके बाद उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है। बता दें कि फर्जीवाड़ा करने वाले लगातार अपने मंसूबे को अंजाम देते हैं, मगर कानून की गिरफ़्त में आने से वे कई बार बच नहीं पाते।