Breaking News

फर्जी दस्तावेज से सचिन वाजे ने फाइव स्टार में गुज़ारे पांच दिन

23 Mar, 2021 1429

संवाददाता/in24 न्यूज़.   

महाराष्ट्र में एक तरफ सियासी घमासान है तो दूसरी तरफ सचिन वाजे के अलग-अलग खुलासे सामने आ रहे हैं. राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने सोमवार को दक्षिण मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में तलाशी ली जहां निलंबित सहायक पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे हालही में रह रहा था. वाजे को विस्फोटक से लदी महिंद्रा स्कॉर्पियो को मुकेश अंबानी के घर के पास पिछले महीने छोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. एक रिपोर्ट के अनुसार एनआईए के अधिकारियों ने कहा कि एक टीम ने नरीमन पॉइंट के ट्राइडेंट होटल के एक कमरे में तलाशी ली, जहां वाजे 16 फरवरी से 20 फरवरी तक रहने वाला था. वाजे ने कथित तौर पर एक फर्जी आधार कार्ड से होटल का कमरा बुक किया था, जिसमें फ़र्ज़ी नाम से उसकी तस्वीर थी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि होटल से दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज बरामद किए गए हैं. होटल का कहना है कि मामले की जांच एनआईए और एटीएस द्वारा की जा रही है. जांच जारी है और हम अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं. मुंबई के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे तारीखें उस समय के साथ मेल खाती हैं जब वाजे एक टीम का हिस्सा था, जिसने लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन के लिए रात में मुंबई में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापे मारे थे. एनआईए की टीम ने होटल के कमरे से कुछ दस्तावेज जब्त किए लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि दस्तावेज क्या हैं. टीम ने होटल से सीसीटीवी फुटेज को भी जांच के लिए जब्त कर लिया है. 13 मार्च को वाजे को एनआईए ने गिरफ्तार किया था. एनआईए ने इस महीने की शुरुआत में जांच का जिम्मा संभाला था. वाजे को 48 वर्षीय ठाणे के व्यापारी मनसुख हिरन की हत्या का मुख्य आरोपी भी बनाया गया है, जो स्कॉर्पियो से जुड़ा था. यह गाड़ी मकेश अंबानी के घर के पास पाई गई थी. एनआईए की एक टीम ने मनसुख हिरेन की पत्नी विमला और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हत्या की जांच महाराष्ट्र एटीएस से 20 मार्च को एनआईए को हस्तांतरित की थी. हिरेन के भाई विनोद ने कहा एनआईए ने घर आकर हमें अपनी जांच की स्थिति बताई और सूचित किया कि वे एटीएस से सारी जानकारी लेंगे. एटीएस ने रविवार को हिरेन की हत्या के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें  एक पूर्व कांस्टेबल विनायक शिंदे और दूसरा सट्टेबाज नरेश गोर है. बता दें कि सचिन वाजे के सन्दर्भ में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि उसे गृहमंत्री अनिल देशमुख ने सौ करोड़ की हर महीने की वसूली का टारगेट दिया था.

अन्य खबरे