Breaking News

कोरोना पर कंट्रोल के लिए पीएम मोदी ने दी अधिकारियों को खुली छूट

18 May, 2021 750

संवाददा/in24 न्यूज़.
कोरोना के जबरदस्त संक्रमण को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कई राज्‍यों और जिलों के अधिकारियों से वर्चुअल मीटिंग के दाैरान बातचीत की। इस दाैरान मोदी ने अधिकारियों से कोविड-19 हैंडलिंग को लेकर उनके अनुभव जाने। पीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने पर जोर देते हुए कुछ टिप्‍स भी साझा क‍िए। मोदी ने 46 जिला अधिकारियों से कहा कि वे अपने जिले में कोविड पर कंट्रोल करें, देश में अपने-आप कोविड पर नियंत्रण हो जाएगा। मोदी ने अधिकारियों को फील्ड कमांडर बताते हुए कहा कि आप सब भारत की इस लड़ाई का नेतृत्‍व कर रहे हैं। इस बैठक में राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों ने भी शिरकत की। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में जितने जिले हैं, उतनी ही अलग अलग चुनौतियां भी हैं। आप अपने जिले की चुनौतियों को अच्छे से समझते हैं। इसलिए जब आपका जिला जीतता है, तो देश जीतता है। आपका जिला कोरोना को हराता है, तो देश कोरोना को हराता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि वायरस से लड़ने के खिलाफ हमारे हथियार हैं- लोकल कन्टेनमेंट जोन, एग्रेसिव टेस्टिंग और लोगों तक सही और पूरी जानकारी। पीएम मोदी ने कहा कि अस्पताल में कितने बेड उपलब्ध हैं, कहां उपलब्ध हैं? ये जानकारी आसानी से उपलब्ध होने पर लोगों की सहूलियत बढ़ती है। इसी तरह कालाबाजारी पर लगाम हो, ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई हो। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने जिलों में कोविड संक्रमण को कम करने के लिए जो करना पड़े, वो कदम उठाएं। उन्‍होंने कहा कि मेरी तरफ से आपको पूरी छूट है। अगर आपके पास कोई ऐसा सुझाव है जो पूरे देश के काम आ सकता है तो मुझे जरूर बताएं, बिना हिचक के। बता दें कि पीएम मोदी कोरोना काल में समय-समय पर इससे पहले भी बैठक कर बातचीत करते रहे हैं।

अन्य खबरे