बेटे के चक्कर में पिता ने मासूम बेटी की बलि दी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भी भारत ने अंधविश्वासियों की कमी नहीं है. झारखंड के लोहरदगा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने बेटे की चाह में छह साल की बेटी को ही बली चढ़ा दी। यह घटना पेशरार प्रखंड मुख्यालय पंचायत के बोण्डोबार गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बोण्डोबार गांव में ओझा-गुनी के चक्कर में पड़कर सुमन नगेसिया ने अपनी छह वर्षीय बेटी की बलि चढ़ा दी। ओझा भगतों ने सुमन से कहा था कि बेटी की बलि चढ़ाओगे तो बेटे का जन्म होगा। इसी अंधविश्वास में उसने अपनी बेटी की बलि चढ़ा दी। आरोपी 26 साल का सुमन नगेसिया अनपढ़ है। वह रोजी-रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश में गया हुआ था। वहीं किसी ओझा-गुनी से पुत्र प्राप्ति को लेकर चर्चा की थी और बताया था कि उसकी छह साल की बेटी है और उसे बेटा नहीं हुआ है। बेटे के लिए क्या उपाय करना होगा। बेटे की चाह में सुमन ने भगत आदि को बुलाकर घर में अनुष्ठान किया और आंगन में बेटी की बलि चढ़ा दी।बेटी को बलि चढ़ाए जाने के बाद सुमन की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। सुमन की 21 वर्षीय पत्नी फुलमनिया नगेसिया डर से अपने मायके चली गई है। वहीं ओझा-गुनी करने वाले भगतों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने सुमन को लोहरदगा मंडल कारागार भेज दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि सुमन ने अपनी बेटी सुषमा की आंगन में पूजा-पाठ करने के बाद ही बलि देदी. ऐसे में समझा जा सकता है कि आज भी अंधविश्वास किस कदर अशिक्षित लोगों में विशेष रूप से फैली हुई है.