महिला के शोषण मामले में फंसे गणेश आचार्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भले ही मी टू का मामला आजकल सामने कम आ रहा हो, मगर सच यही है कि आज भी कुछ लोग महिलाओं का शोषण करने से बाज नहीं आ रहे हैं. मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य पर एक लड़की ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों से उनकी मुसीबत जरूर बढ़ सकती है। एक महिला सहायक कोरियोग्राफर ने गणेश आचार्य पर अश्लील वीडियो देखने को मजबूर करने का आरोप लगाया है। दर्ज रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि गणेश आचार्य के भारतीय फिल्म और टेलीविजन कोरियोग्राफर एसोसिएशन (आईएफटीसीए) का महासचिव बनने के बाद वह अक्सर महिला को अंधेरी (पश्चिम) के वीरा देसाई में स्थित आईएफटीसीए के कार्यालय और मुक्ति रिहर्सल हॉल में बुलाया करते थे। पीड़िता ने इसके बाद महाराष्ट्र में राष्ट्रीय महिला आयोग की इकाई को बताया कि गणेश आचार्य फिल्म इंडस्ट्री में काम से उन्हें दूर कर रहे हैं और आय के लिए कमीशन की मांग कर रहे हैं। शिकायत में इस बात का भी दावा किया गया है कि जब भी वह गणेश आचार्य के ऑफिस में पहुंची हैं, उन्होंने उन्हें अश्लील वीडियो देखते हुए पाया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि जब भी मैं किसी काम के लिए उनके ऑफिस पहुंचती थी तो वह मुझे हमेशा अश्लील वीडियो देखते हुए ही मिलते थे और तो और उन्होंने मुझे भी उन वीडियोज को देखने के लिए कहा, और कहा कि मुझे इसे देखने में मजा आएगा। इसमें आगे कहा गया है कि यह सुनने के बाद मैंने अपना आपा खो दिया। मुझे पता था कि वह एक व्यभिचारी हैं और जुए व क्रिकेट की सट्टेबाजी में भी शामिल हैं और इसलिए मैं आपके खिलाफ पुलिस और एसोसिएशन में शिकायत दर्ज करूंगी।