मासूम बच्ची को सिगरेट से दागनेवाला सिपाही गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक मासूम बच्ची को प्यार दुलार के बदले अगर सिगरेट से जलाने की कोशिश की जाए उसे क्या कहेंगे! दुर्ग जिला पुलिस लाईन में तैनात सिपाही द्वारा नशे में अपने मकान मालिक की लगभग डेढ़ साल की बेटी को सिगरेट से दागने वाले मामले में आरोपित अविनाश राय को आज सुबह पावर हाउस भिलाई से बालोद पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया । वही प्रदेश के पुलिस प्रमुख डीएम अवस्थी ने आरोपित आरक्षक को बर्खास्त कर दिया। दुर्ग से पहले बालोद जिले में पदस्थ सिपाही अविनाश राय शराब के नशे में अपने किराये के घर में पहुंचा और मकान मालिक के डेढ़ साल की बच्ची से जबरन पापा बुलवाना चाहा और बच्ची द्वारा ऐसा नहीं कहने पर उसे बुरी तरह से मारपीट करते हुए 50 से अधिक जगहों पर सिगरेट से दाग दिया। घटना की जानकारी जैसे ही पीड़ित बच्ची के माँ को मिली वो उसे लेकर थाने जा पहुंची। पुलिस ने मासूम को तुरंत अस्पताल भिजवाया और घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। प्रदेश पुलिस प्रमुख डीएम अवस्थी ने आरोपित आरक्षक को बर्खास्त कर उसे गिरफ्तार करने का आदेश जारी कर दिया है। बालोद जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीआर पोर्ते ने बताया कि आरोपित आरक्षक को आज सुबह 9:30 बजे के करीब भिलाई पावर हाउस स्थित छाया लॉज से बालोद पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित को बालोद पुलिस टीम दोपहर 12:00 बजे के करीब बालोद लेकर पहुंच गई। पोते ने बताया कि आरोपित सिपाही के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। दूसरी ओर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रोहित झा ने बताया कि सिपाही हाल ही में बालोद से दुर्ग तबादले पर आया था। फिलहाल उसकी पदस्थापना पुलिस लाईन में है। परंतु 25 अक्टूबर से सिपाही ड्यूटी पर नहीं आ रहा था। जिसे दुर्ग पुलिस भी तलाश रही थी। बता दें कि आज भी मासूम बच्चियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती ही रहती हैं.