Breaking News

मुंबई पर मंडराया आतंकी खतरे का साया, पुलिस ने लिया बड़ा फैसला

30 May, 2023 733
संजय मिश्रा/in24न्यूज़/मुंबई
 
       देश की आर्थिक राजधानी मुंबई हमेशा से ही आतंकियों के निशाने पर रही है. इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें मुंबई पर एक बार फिर आतंकी हमले की बात कही जा रही है. इस इनपुट के मिलते ही मुंबई पुलिस ने तत्काल एक सर्कुलर जारी किया, जिसमें यह कहा गया है कि अब शहर में सार्वजनिक शांति भंग करने और सार्वजनिक जीवन को बाधित करने का प्रयास किया जा सकता है. इस तरह की घटनाओं की आशंकाओं के चलते लोगों का जीवन खतरे में पड़ सकता है, इसलिए नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने यह आदेश पत्र जारी किया है. पुलिस के आदेश के मुताबिक अब मुंबई के किसी भी स्थान पर 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के जमा होने पर पुलिस ने रोक लगा दी है. यह आदेश 11 जून तक मुंबई में लागू रहेगा, किंतु इस आदेश के दायरे से शादी समारोह, शोक समारोह, सहकारी समितियों या संगठनों के कार्यक्रम, सिनेमा थिएटर, दुकानें और व्यवसायिक स्थलों को बाहर रखा गया है. इस सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि यह आदेश मुंबई शहर में शांति बरकरार रखने और मुंबई में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के इरादे से जारी किया गया है. मुंबई पुलिस के डीसीपी विशाल ठाकुर ने पत्र के जरिए यह आदेश विभिन्न माध्यमों से शहर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की है. कुल मिलाकर मुंबई पुलिस ने समय रहते एहतियात बरतने के लिए यह बड़ा निर्णय लिया है ताकि किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए प्रशासन के साथ आम मुंबईकर भी सज्ज रहे.

अन्य खबरे