रेप के आरोपी को तिहाड़ जेल में किया गया क्वारंटाइन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का हमला लगातार फ़ैल रहा है. दिल्ली पर भी इसका असर पड़ा है. यहां रोजाना कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं. एक ऐसा ही मामला तिहाड़ जेल में सामने आया है. जहां रेप पीड़िता के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जेल में बंद आरोपी का भी कोरोना टेस्ट कराया गया. उसके बाद जेल में हड़कंप मच गया. जेल अधिकारियों ने रेप के आरोपी के साथ दो अन्य कैदियों को क्वारंटाइन किया है. हालांकि, सोमवार शाम को जेल अधिकारियों ने बताया कि रेप के आरोपी का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है. बताया जा रहा है कि तिहाड़ जेल की जिस सेल में रेप के आरोपी को रखा गया है उसमें छोटा राजन और शहाबुद्दीन जैसे कैदियों भी बंद हैं. इस घटना के बाद तिहाड़ जेल में कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. जिसके लिए कैदियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने के दिशानिर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही एक टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है. जिससे किसी कैदी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर जरूरी कदम उठाए जा सकें. तिहाड़ जेल के डीजी संदीप गोयल ने बताया कि, रेप के आरोपी को दो अन्य कैदियों के साथ जेल नंबर दो में रखा गया था. दो अन्य कैदी भी विभिन्न अपराधों के आरोप में जेल में बंद है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को जेल के अधिकारियों को रेप पीड़िता के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर मिली थी. उसके बाद रेप के आरोपी और उसके बाद जेल में बंद दो अन्य कैदियों को क्वारंटाइन में भेजा गया. हालांकि उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है. बावजूद तीनों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन में ही रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि तीनों के नमूने जेल के अस्पताल में एकत्र किए गए थे और उसके बाद जांच के लिए बाहर भेजे गए थे.