लखनऊ में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ गैंग रेप
संवाददाता/in24 न्यूज़।
मानवता को शर्मसार करनेवाली एक खबर लखनऊ से आ रही है। लखनऊ के आलमबाग इलाके में आठ ऑटोरिक्शा चालकों ने मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला के साथ गैंग रेप किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सामूहिक गैंग रेप के नौ आरोपियों में से चार को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक महिला समेत पांच अन्य फरार हैं। खबरों के मुताबिक एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की बेटी 23 सितंबर को लापता हो गई थी और उसके पिता ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। 24 सितंबर को आलमबाग थाने से उनके पास फोन आया और वहां उन्होंने अपनी बेटी को घायल और फटे कपड़ों में पाया। इसके बाद उसने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। महिला ने अपने पिता को बताया कि पुरुषों के एक समूह ने उसे घर छोड़ने का वादा करते हुए एक ऑटोरिक्शा में बैठने के लिए कहा था। इसके बजाय, उसे आलमबाग में रेलवे कॉलोनी ले जाया गया जहां आठ लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी पिटाई की। वहां एक महिला भी थी। इलाके के सीसीटीवी फुटेज को स्कैन कर इन लोगों का पता लगाया गया और सोमवार को इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मध्य क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बता दें कि योगी सरकार द्वारा अपराध के खिलाफ अनेक कड़े नियम कानून के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है।