विधायक के नाम पर मांगते थे हफ्ता, एक महिला सहित 3 गिरफ्तार
22 Dec, 2021
680
संवाददाता/ in24 न्यूज़
मुंबई (mumbai) शहर में किसी को भी फ़ोन करके धमकाना या रुपयों की उगाही के लिए किसी के नाम पर भी फोन कर देना बड़ा आसान है लेकिन इन करतूतों के बाद पुलिस से बचना उतना ही मुश्किल। मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई से सटे मीरा-भायंदर (mira-bhyendar) इलाके की, जहां स्थानीय शिवसेना विधायक के नाम पर हफ्ता वसूली करने की एक बड़ी खबर सामने आई है.
आपको बता दें कि स्थानीय विधायक गीता जैन (mla geeta jain) के नाम पर एक होटल व्यवसायी से पैसे की मांग करने वाले एक गिरोह को पुलिस ने जाल बिछा कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अमित कुमार पारेख,भारती परमार,और सुधाकर सावंत है। पुलिस की गिरफ्त में आई महिला आरोपी खुद को विधायक गीता जैन बताकर व्यवसायियों से पैसों की मांग करती थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर को दिल्ली दरबार होटल के मालिक आमिर के पास एक फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने खुद को विधायक गीता जैन का पीए अमन शेलार बताया और कहा कि मैडम आपसे बात करना चाहती हैं। इसके बाद में आरोपी महिला ने कहा कि हमारे समाज मे विधवा महिलाओं की शादी का एक कार्यक्रम है, आपसे डोनेशन चाहिए। जिसके बाद होटल व्यवसायी को शक हुआ और उसने सीधे तौर पर गीता जैन को फ़ोन लगा दिया जिसके बाद सारी सच्चाई सामने आ गयी. गीता जैन ने जैसे ही किसी भी डोनेशन से इंकार किया वैसे ही होटल व्यवसायी आमिर ने इस बात की सूचना पुलिस को दे दी, जिसके बाद पुलिस ने होटल व्यवसायी के साथ मिलकर जाल बिछाया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने सभी आरोपियों को 24 दिसम्बर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।