शराबी बेटे से तंग पिता ने की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर पिता चाहता है कि उसका पुत्र बुढ़ापे में उसका सहारा बने, मगर तेलंगाना में एक बाप ने अपने बेटे की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। यह घटना निजामाबाद जिले के नस्रुल्लाबाद मंडल क्षेत्र के कामिशेट्टी गांव में गुरुवार को प्रकाश में आई। पुलिस के अनुसार कामिशेट्टी गांव निवासी सायलू का बेटा सुधाकर उर्फ रोड्डा पौलु (35) शराब का आदी हो चुका था। इसके चलते हर दिन परिवार को शराब के लिए पैसे की मांग करते हुए प्रताड़ित कर रहा था। सायलू सोच रहा था कि उसका बेटा आज नहीं तो कल सुधर जाएगा। इसी क्रम में कल शाम को सुधाकर ने शराब के लिए पैसे की मांग करते हुए बाप को मकान में बंदी बनाकर हमला किया। इस घटना को सायलू बर्दाश्त नहीं कर सका। सायलू ने मकान में रखे हुए मुसल से बेटे पर हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना को देखकर स्थानीय लोगों ने सेवा 100 को फोन किया। पुलिस ने आकर देखा तो सुधाकर खून से लथपथ पड़ा था। यह देख पुलिस ने उसे पहले 108 में बांसवाड़ा सरकारी अस्पताल भेज दिया। मगर हालत चिंताजनक होने के कारण उसे निजामाबाद जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया। मगर उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सायलू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।