सास ससुर की हत्या करनेवाली बहू ने तिहाड़ जेल में आत्महत्या की
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर बेटी चाहती है कि उसे ससुराल में भी मायके की तरह सुख मिले, मगर कई बार मामला उल्टा भी हो जाता है. एक ऐसी बहू का मामला सामने आया है जिसने अपने पति के साथ मिलकर सास ससुर की हत्या की. जब सज़ा के तहत उसे दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में भेजा गया उसके कुछ ही समय बाद उसने आत्महत्या कर ली। 35 वर्षीय आरोपी महिला का नाम कविता है। जेल में आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाने से चंद घंटे पहले ही महिला जेल में पहुंची थी।महिला को उसके पति के साथ गिरफ्तार करके पुलिस ने 26 अप्रैल को ही तिहाड़ जेल भेजा था। घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिये गये हैं। तिहाड़ जेल नंबर-6 (महिला जेल) में घटी इस घटना की पुष्टि मंगलवार को तिहाड़ जेल प्रवक्ता राज कुमार ने की। उन्होंने कहा कि महिला को न्यायिक हिरासत में 25 अप्रैल को जेल लाया गया था। जब महिला जेल पहुंची तो सामान्य थी। 26 अप्रैल को आधी रात के वक्त उसका शव लोहे की ग्रिल से लटका मिला। गौरतलब है कि 23-24 अप्रैल की रात द्वारका जिले के छाबला थाना क्षेत्र की दुर्गा विहार फेज-2 में एक घर में राज सिंह (61) और उनकी पत्नी ओमवती (58) की हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने इस मामले में वृद्ध दंपत्ति का पुत्र सतीश और उसकी बहू कविता को गिरफ्तार किया था। प्राथमिक छानबीन में पुलिस को पता चला था कि, कविता और उसके पति सतीश ने ही दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने जब कड़ाई से कविता और सतीश से पूछताछ की तो सतीश ने अपना जुर्म कबूल लिया। सतीश ने पुलिस को बता दिया कि उसने पत्नी कविता के साथ मिलकर मां-बाप की हत्या रात को सोते समय चाकूओं से गोदकर कर दी। दोहरे हत्याकांड की वजह सतीश ने प्रापर्टी विवाद बताया था। घटना के अगले दिन जब कविता से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो, उसने अपना सिर घर की दीवार से मारकर फोड़ लिया था.