सोशल मीडिया से सीखी बाइक चुराने की ट्रिक, 4 गिरफ्तार
29 Dec, 2021
630
संवाददाता/ in24 न्यूज़
सोशल मीडिया (social media) का सही इस्तेमाल किया जाये तो ये किसी वरदान से कम नहीं लेकिन उसका गलत उपयोग होने लगे तो मामला जेल की सलाखों तक पहुँच जाता है. इसी से जुड़ा एक मामला सामने आया है जो मुंबई (mumbai) के दिंडोशी इलाके से, जहां पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक ये सभी चोर अपनी मौज मस्ती और घूमने के लिए सड़क के किनारे खड़ी बाइक की चोरी करते थे. बताया जाता है कि आरोपियों में संदीप और योगेश नाम के दो आरोपी वाहन चोरी (bike thief) मामले के मुख्य सूत्रधार हैं, जिन्होंने यूट्यूब (youtube) पर मोटरसाइकिल चोरी करने का वीडियो देखा था. और वहीँ से बाइक चुराने की ट्रिक सीखी। जिसके बाद एक-एक कर इन्होने दो पहिया वाहनों की चोरी शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने मुंबई के जुईनगर, अंधेरी, कांदिवली उरण, गोवंडी और सांताक्रूज जैसे इलाकों से कई मोटरसाइकिल चुराई है. पुलिस ने चारों के पास से चोरी की अब तक सात मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है. दरअसल इस बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब दिंडोशी इलाके में रहने वाले एक शख्स की बाइक गैरेज के बाहर से अचानक चोरी हो गयी. पीड़ित शख्स ने अपनी मोटर साइकिल मरम्मत के लिए गैरेज में दे रखी थी. बाइक चोरी होने की शिकायत कथित पीड़ित शख्स ने दिंडोशी पुलिस स्टेशन में की. जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज बड़ी बारीकी से खंगाले, जिसमे पुलिस को एक संदिग्ध नजर आया, जिसका नाम संदीप बताया जाता है. संदीप के बारे में अधिक जानकारी इकठ्ठा करके पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया. कड़ाई से की गयी पूछताछ में संदीप ने कई चौकाने वाले चोरी के रहस्य से पर्दा उठाया और बाइक चोरी की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी का भी नाम उसने पुलिस को बताया। जिसके बाद दिंडोशी पुलिस ने योगेश नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। योगेश की निशानदेही पर दिंडोशी पुलिस ने गणेश और महेश नाम के दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। दिंडोशी पुलिस के समक्ष सभी चारों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए दो पहिया वाहनों की चोरी की बात स्वीकारी। पुलिस का कहना है कि कथित सभी मोटर बाइक चोर अपने शौक पूरा करने के लिए और मजा मस्ती के लिए दो पहिया वाहनों की चोरी करते थे. अब पुलिस इन आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है.