48 घंटे की पैरोल पर बीमार मां से मिलने गुरुग्राम पहुंचा गुरमीत राम रहीम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जेल में बंद यौन शोषण मामले में दोषी डेरा प्रमुख राम रहीम को पैरोल मिल गई है। राम रहीम को 48 घंटे के लिए पैरोल मिली है। इससे पहले भी राम रहीम ने कई बार कोशिश की थी, लेकिन स्थानीय रिपोर्ट के चलते उसे पैरोल देने से इंकार कर दिया गया था। अब उसे पैरोल मिल गई है। इस दौरान उनके साथ पुलिस की टीम मौजूद रहेगी। बताया जा रहा है कि राम रहीम गुरुग्राम के मानेसर के एक फ़ार्म हॉउस में पहुंच गया है जहां उसकी मां भी मौजूद है। राम रहीम की मां का इलाज मेदांता में चल रहा है। पैरोल के दौरान राम रहीम अपनी मां के पास ही रहेगा। राम रहीम ने इस बार इमरजेंसी पैरोल की मांग की थी जिसमें बीमार मां के इलाज का हवाला दिया गया था। सोमवार को गुरमीत राम रहीम ने सुनारिया के जेल अधीक्षक सुनील सांगवान को पैरोल के लिए आवेदन किया था। राम रहीम (53) अपनी दो महिला शिष्यों के बलात्कार के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में 20 साल के कारावास की सजा काट रहा है। पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने अगस्त 2017 में उसे 20 साल कैद की सजा सुनाई थी। छह दिन पहले राम रहीम का स्वास्थ्य खराब होने के चलते कड़ी सुरक्षा के बीच उसे पीजीआई रोहतक में शिफ्ट किया गया था। पीजीआई के मेडिकल बोर्ड ने उसके स्वास्थ्य की जांच के बाद उसे वापस जेल भेज दिया था। अब राम रहीम ने अपनी मां के बीमार होने का हवाला देते हुए इमरजेंसी पैरोल की मांग की है। गौरतलब है कि डेरा प्रमुख को अक्टूबर 2020 में अपनी बीमार मां से मिलने के लिए एक दिन की गुपचुप तरीके से पैरोल दी गई थी। इसके लिए भारी सुरक्षा तैनात की गई थी और बताया जा रहा है कि राम रहीम को गुरुग्राम के अस्पताल में अपनी मां के पास लेकर गए थे। वहां पर पूरा दिन रहने के बाद शाम को ही जेल में वापस लाया गया था। बता दें कि डेरा प्रमुख राम रहीम को 48 घंटे बाद पुनः जेल भेज दिया जाएगा।