केवाईसी अपडेट के नाम पर असिस्टेंट डायरेक्टर से ऑनलाइन धोखाधड़ी
11 Apr, 2025
156
संवाददाता/in24 न्यूज़।
मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले असिस्टेंट डायरेक्टर चेतन देसाई से लाखों रूपये के ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में रहने वाले चेतन से साइबर ठगों ने केवाईसी अपडेट करने के नाम पर 3 लाख 39 हजार रुपये की ठगी कर ली। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चेतन देसाई को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से मैसेज प्राप्त हुए। इस मैसेज में कहा गया था कि उनका बैंक खाता बंद किया जा सकता है यदि वे तुरंत केवाईसी अपडेट नहीं करते। मैसेज में एक लिंक भी दिया गया था, जिस पर क्लिक करके उन्होंने अपनी पैन कार्ड और आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी भरने के लिए कहा गया, वह जानकारी उन्होंने भर दी।जानकारी भरने के कुछ ही समय में चेतन के बैंक खाते से एक के बाद एक तीन ट्रांजेक्शन हुए, और कुल 3 लाख 39 हजार रुपये निकाल लिए गए। यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें खुद को समझने का मौका भी नहीं मिला। घटना के बाद चेतन देसाई ने तुरंत संबंधित बैंक और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामला ओशिवारा पुलिस थाने में दर्ज किया गया है जिसकी जांच जारी है।यह घटना एक बार फिर से इस बात को रेखांकित करती है कि ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी पुष्टि कर लेना बेहद जरूरी है। बैंक और अन्य वित्तीय संस्थाएं कभी भी इस तरह के लिंक भेजकर जानकारी नहीं मांगतीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी केवाईसी या बैंक से जुड़ी सूचना के लिए सीधे बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से ही संपर्क करें, और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।