तिहाड़ जेल के अंदर आठ दिन में पांच कैदियों की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश की राजधानी दिल्ली के तिहाड़ जेल में सबकुछ ठीक ठाक नहीं है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यहां बताया कि राष्ट्रीय राजधानी की तिहाड़ जेल में पिछले आठ दिनों में पांच कैदियों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि सभी मौतें प्राकृतिक कारणों से हुई प्रतीत होती हैं। हालांकि, सभी मौतों में सीआरपीसी की धारा 176 के तहत एक मजिस्ट्रेट जांच शुरू की गई है। शुक्रवार को भी तिहाड़ जेल नंबर 3 में एक कैदी की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कैदी अपनी कोठरी में बेहोश पाया गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कथित तौर पर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उसकी भी मृत्यु हो गई। मृतक कैदी की पहचान विक्रम उर्फ विक्की के रूप में हुई है। बता दें कि इस घटना के बाद कैदियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।