Breaking News

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ की भारी भीड़ सीएसएमटी और एलटीटी पर उमड़े यात्री

10 Nov, 2026 13

 

दिवाली के बाद अब लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने गांव-घर जाने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर उमड़ पड़ी है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), ठाणे और कल्याण जैसे स्टेशनों पर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में तिल रखने की जगह नहीं बची है। लंबी दूरी की नियमित व विशेष ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण डिब्बों में खड़े रहने तक की जगह नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते यात्री घंटों पहले से स्टेशनों पर पहुंचकर डिब्बों में सवार होने की मशक्कत कर रहे हैं।

मध्य रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर महीने में अब तक 10 लाख से अधिक यात्री अपना रेल टिकट आरक्षित करा चुके हैं, जिनमें सबसे बड़ी संख्या बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की है। कंफर्म टिकट न मिलने के कारण अनारक्षित (जनरल) बोगियों में सफर करने वाले मुसाफिर 5 से 6 घंटे पहले ही स्टेशनों पर पहुंचकर लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। अत्यधिक भीड़ के बावजूद लोग अपने परिवार के साथ महापर्व मनाने के लिए किसी भी तरह सफर तय करने का जोखिम उठा रहे हैं।

स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष प्रबंध किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों के बाहर अस्थाई प्रतीक्षालय शेड बनाए गए हैं और ऐन वक्त पर प्लेटफॉर्म बदलने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है ताकि अफरा-तफरी न मचे। इसके अलावा पीने के पानी, रोशनी और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रेल प्रशासन नियमित गाड़ियों के साथ-साथ रोजाना कई विशेष ट्रेनें भी संचालित कर रहा है ताकि प्रवासियों का सफर सुगम हो सके।

अन्य खबरे