Breaking News

धनतेरस पर देशभर में 1.25 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार मुंबई में 11 हजार करोड़ की हुई खरीदारी

07 Nov, 2026 11

धनतेरस के पावन अवसर पर मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) सहित पूरे देश के बाजारों में खरीदारी का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस साल धनतेरस पर देशभर में 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ कुल 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड व्यापार दर्ज किया गया है। वहीं अकेले मुंबई महानगर क्षेत्र में ही करीब 11,000 करोड़ रुपये का विशाल कारोबार हुआ है, जिसने व्यापारी वर्ग के चेहरे पर खुशी ला दी है।

इस बार त्योहारी खरीदारी का प्रमुख केंद्र सर्राफा बाजार रहा, जहां सोने और चांदी के कारोबार ने 66,000 करोड़ रुपये से अधिक का आंकड़ा पार किया। सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ और लोगों ने भारी आभूषणों के बजाय हल्के वजन के आभूषणों, पारंपरिक गहनों तथा चांदी के सिक्कों को प्राथमिकता दी। ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अनुसार, सुबह से ही दुकानें खुल जाने और महीने की शुरुआत में बोनस व वेतन मिलने से बाजार में पर्याप्त नकदी का प्रवाह रहा, जिसका सीधा फायदा ज्वेलरी उद्योग को मिला।

कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार, इस बार का व्यापार केवल मॉल तक सीमित न रहकर पारंपरिक बाजारों, इलेक्ट्रॉनिक्स हब, बर्तन बाजारों और ऑटोमोबाइल शोरूम तक फैला रहा। सोने-चांदी के अलावा ऑटोमोबाइल, स्मार्टफोन, होम अप्लायंसेज, पूजा सामग्री और सजावटी वस्तुओं की जमकर बिक्री हुई। महीने की शुरुआत में त्योहार आने और स्वदेशी उत्पादों के प्रति ग्राहकों के बढ़ते झुकाव ने इस साल धनतेरस की बिक्री को अब तक के सबसे ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा दिया है।

अन्य खबरे