Breaking News

कानपुर में दिव्यांग बच्चों ने दीपावली पर बनाए हस्तनिर्मित उत्पाद खरीदारी करने पहुंचीं विधायक नीलिमा कटिया

07 Nov, 2026 13

 

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित नेहरू नगर के कानपुर अंध विद्यालय परिसर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य दिव्यांग दीपावली मेले का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों और विशेष बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए खूबसूरत उत्पादों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नीलिमा कटियार ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित करके किया।

इस दीपावली मेले में दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए काम करने वाली जिले की लगभग 10 प्रमुख संस्थाओं ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इनमें कानपुर अंध विद्यालय, दिव्यांग डेवलपमेंट सोसाइटी, पहल सोसाइटी, पुष्पा खन्ना मेमोरियल, साईं बाबा स्पेशल स्कूल और प्रगति लर्निंग सेंटर जैसी संस्थाएं शामिल रहीं। इन संस्थाओं के दृष्टिबाधित और दिव्यांग बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हस्तनिर्मित दीये, मोमबत्तियां, सुंदर कैलेंडर, बैग तथा विभिन्न प्रकार के सजावटी सामान तैयार किए, जिनकी आगंतुकों ने जमकर सराहना की।

विधायक नीलिमा कटियार ने प्रदर्शनी में लगाए गए सभी स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और बच्चों द्वारा बनाई गई सामग्री की खरीदारी करके उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित आम जनता से अपील की कि वे इस त्योहारी सीजन में अधिक से अधिक संख्या में इन दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित स्वदेशी और हस्तनिर्मित उत्पादों को खरीदें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल दिव्यांग बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि उन्हें समाज में आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक संबल हासिल करने का एक बेहतरीन मंच भी मिलता है।

अन्य खबरे