Breaking News

मुंबई लोकल ट्रेन में कृष्ण रूपी बप्पा का अनोखा सफर, मंत्रमुग्ध हुए यात्री

11 Sep, 2026 10

मुंबई की रफ्तार के बीच गणेशोत्सव की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। मायानगरी इस समय गणपति बप्पा के स्वागत के रंग में रंगी हुई है और चारों ओर गणपति बाप्पा मोरया की गूंज सुनाई दे रही है। इसी बीच मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से बप्पा के आगमन का एक बेहद खूबसूरत और आकर्षक नजारा सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में एक भक्त भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप से प्रेरित गणपति बप्पा की अनोखी प्रतिमा को मुंबई लोकल ट्रेन से ले जाते हुए नजर आ रहा है। इस खास प्रतिमा में बप्पा को श्रीकृष्ण के स्वरूप में दर्शाया गया है। बप्पा के हाथों में बांसुरी दिखाई दे रही है, जो इस प्रतिमा को पारंपरिक गणेश प्रतिमाओं से अलग और बेहद खास बना रही है।

प्रतिमा को हल्के नीले-आसमानी रंग में सजाया गया है, जो भगवान कृष्ण के सांवले स्वरूप की याद दिलाता है। बप्पा ने चमकीली गुलाबी धोती धारण की है और सिर पर चांदी जैसा सुंदर मुकुट सजाया गया है। प्रतिमा के पीछे चमकीले पीले रंग का बड़ा वस्त्रनुमा छत्र और आभामंडल लगाया गया है, जो बप्पा के मुखमंडल को और भी दिव्य बना रहा है।

भक्तों ने प्रतिमा को मुंबई लोकल की सीट पर बेहद श्रद्धा और सावधानी के साथ विराजित किया। ट्रेन में मौजूद यात्रियों का ध्यान भी इस अनोखे रूप ने अपनी ओर खींच लिया। कई यात्री अपनी जगह से उठकर बप्पा के दर्शन करते और मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। मुंबई लोकल में बप्पा का यह अनोखा कृष्ण रूप श्रद्धा, कला और भक्ति का खूबसूरत संगम नजर आया।

अन्य खबरे