Breaking News

छत पर तिरंगा फहराने से हुई युवक की मौत

14 Aug, 2022 574

संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश आज़ादी का 75 वां अमृत महोत्सव मना रहा है। हर तरफ तिरंगे की धूम है। ऐसे में एक बुरी खबर आई है मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह से जहां घर पर तिरंगा फहराने के दौरान एक हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दरअसल आजादी के अमृत महोत्सव के चलते बड़वाह में एक दुकान पर मजदूरी करने वाला युवक अपनी दुकान की छत पर तिरंगा लगा रहा था। तिरंगा लोहे की पाइप में लगा हुआ था, जो घर के पास से गुजर रही 11 केवी की विद्युत लाइन से टकरा गया। लोहे का पाइप बिजली के तारों पर लगने से युवक को करंट का झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खरगोन जिले के बड़वाह में हर घर तिरंगा अभियान में लापरवाही एक युवक पर भारी पड़ गई। बावड़ी खेड़ा निवासी 45 वर्षीय मोहन बाबू पटेल नर्मदा रोड़ पर अशोक खंडेलवाल की किराना दुकान की दूसरी मंजिल की छत पर झंडा लगाने के लिए ऊपर चढ़ा, इस दौरान उसकी करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक मोहन अशोक खंडेलवाल की दुकान पर ही काम करता था। वह आजादी के अमृत महोत्सव के तहत घर की छत पर तिरंगा लगा रहा था। जहां वह तिरंगा लगा रहा था वहीं कुछ दूरी पर से गुजर रहे विद्युत तारों से तिरंगे में लगा लोहे का डंडा टकरा गया। जिसके चलते युवक को करंट लग गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी लगते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाकर उसे पीएम के लिए बड़वाह के शासकीय अस्पताल भेजा गया। यानि ख़ुशी के माहौल में मागम का रंग फ़ैल गया।  

अन्य खबरे