Breaking News

पालघर : एक बार फिर पैसा भारी पड़ा मानवता पर

28 Jan, 2022 667
संवाददाता/ in24 न्यूज़
महाराष्ट्र (maharashtra) के पालघर (palghar) जिले से दिल को झकझोर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे देखने और सुनने के बाद एक बड़ा सवाल ये उठता है कि 21वीं सदी में हम किस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. पालघर में अस्पताल प्रशासन की बेरुखी के चलते एक शख्स ने अपने 6 साल के मृत बेटे की लाश को बाइक पर रख लगभग 30 किलोमीटर का सफर तय किया, जिसे देखने के बाद हर कोई हैरान था. दरअसल यह शख्स अपने बेटे के शव को अपने गांव ले जाना चाहता था, लेकिन पैसे कम देने की वजह से अस्पताल प्रशासन ने उसे एंबुलेंस देने से मना कर दिया।
कहते है लाश जितनी छोटी होती है, उसका भार उतना ही अधिक होता है. लेकिन पालघर के मोखाडा तहसील के अंतर्गत आने वाले पायरवाड़ी गांव में रहने वाले अजय पारधी ने इस भार को कैसे उठाया होगा, ये तो उसका दिल ही जनता होगा।
बताया जा रहा है कि अजय का छह साल का बेटा बीमार था, जिसे अजय ने पालघर जिले के जव्हार तहसील अंतर्गत आने वाले पयारवाड़ी अस्पताल में दाखिल कराया, लेकिन इलाज के दौरान ही अजय के बेटे की मौत हो गयी. बच्चे की मौत के बाद अजय पारधी ने शव को अपने गाँव ले जाने के लिए अस्पताल से एंबुलेंस की मांग की, लेकिन पर्याप्त पैसे नहीं होने के कारण अस्पताल ने अजय पारधी को एम्बुलेंस देने से इनकार कर दिया। अजय पारधी और उसके रिश्तेदारों द्वारा बार-बार मिन्नतें करने के बाद भी अस्पताल प्रशासन का दिल नहीं पसीजा। आखिरकार मजबूर होकर मृत बच्चे के पिता अजय ने रात को ही कड़ाके की ठंड में अपने बच्चे के शव को अपनी ही बाइक पर रखकर 30 किलोमीटर दूर अपने गांव पहुँचाया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया. अजय पारधी के बाइक पर मृत बेटे का शव ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जिसके बाद से लोगों में काफी गुस्से में है. लोग अस्पताल प्रशसन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं. इस घटना को देखने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या अस्पताल सिर्फ रूपया बनाने की मशीन बन कर रह गयी है? क्या मानवता के प्रति उनकी संवेदनाएं पूरी तरह से मर चुकी है?

अन्य खबरे