भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दबे, एक की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज तड़के हुए भूस्खलन (Landslide) की चपेट में आने से शिमला के उपनगर ढली में पेट्रोल पंप के नजदीक एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को आईजीएमसी में भर्ती किया गया है। मृतक की पहचान करीना (14) पुत्री सतपाल के रूप में हुई है। घायलों में आशा (16) वर्ष और कुलविंदर (24) शामिल हैं। ये सभी एक परिवार से संबंध रखते हैं और हरियाणा के जीरकपुर के रहने वाले हैं। भूस्खलन की जद में आने से एक गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त परिवार आयुर्वेदिक दवा बेचने का काम करता है और इन्होंने ढली में सड़क किनारे एक टेंट लगाया हुआ था। परिवार के सदस्य इसी टेंट में रह रहे थे। सुबह 5 से 6 बजे के बीच पहाड़ी से मलबा गिरने से टेंट तबाह हो गए और परिवार के 3 सदस्य कीचड़ में दब गए। इनमें एक की मौत हो गई और दो बच गए, जिनका आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। बता दें कि शिमला सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीती रात से तेज़ बारिश हो रही है। बता दें कि मौसम विभाग ने आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सम्भावना जताई जा रही है कि मौसम की खराबी बढ़ सकती है।