धीमी पड़ी कोरोना की रफ़्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश में कोरोना कमज़ोर पड़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में जहां कोरोना संक्रमित नए मरीजों की संख्या में कमी आई, वहीं एक दिन में होने वाली मौतों में भी गिरावट दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को देश भर में कोरोना संक्रमण के 91211 नए मरीज सामने आए, जबकि इससे एक दिन पहले बुधवार को 93,828 नए मरीज सामने आए थे। इस दौरान 133598 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज भी हुए। देश में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या बुधवार को दर्ज 11 लाख 65,487 के मुकाबले 11 लाख 19928 रह गई है। अब तक कुल 2 करोड़ 77 लाख 78894 लोग इस महामारी से लड़ते हुए रिकवर हो चुके हैं। गुरुवार को कोरोना संक्रमण से 3401 लोगों की मौत हो गई। एक दिन पहले बुधवार को 6148 मौतों होने से हड़कंप मच गया था। दरअसल, बिहार में पिछले दिनों हुईं 3,951 मौतों को डेटा अपडेट किया गया था, जिसकी वजह से देश में एक दिन में होने वाली मौतों का आंकड़ा अचानक से बढ़ा दिखाई देने लगा। बाद में राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इस बारे में स्थिति स्प्ष्ट की थी। मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोविड के 660 नए मामले सामने आए। इस दौरान 768 लोग डिस्चार्ज हुए और 22 लोगों की इस महामारी से लड़ते हुए मौत हो गई। मुंबई में रिकवरी दर 95% है। वहीं पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो गुरुवार को 12,207 नए मरीज सामने आए, जबकि 393 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 11,449 लोग अस्पतालों से डिस्चार्ज भी हुए। महाराष्ट्र में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 1,60,693 है। अब तक कुल 1,03,748 मौतें दर्ज हो चुकी हैं। कर्नाटक में गुरुवार को 11,042 नए मरीज और 194 मौतें दर्ज की गई। तमिलनाडु में 16,813 नए मरीज सामने आए, जबकि 358 लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में 538 नए मरीजों की पहचान हुई, जबकि 23 मौतें दर्ज की गईं। राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण कमजोर पड़ रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 305 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 44 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। गुरुवार को 560 लोग ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए। राजधानी में कुल पॉजिटिविटी दर अब 0.41 फीसदी रह गई है। बता दें कि कोरोना के आंकड़े भले ही कम हो रहे हों, मगर अभी भी इससे बचने के लिए जो सरकारी दिशा निर्देश हैं उनका पालन आवश्यक है।