अफगानिस्तान से भारत आने के लिए सरकार ने किया ई-वीजा ज़रूरी
संवाददाता/in24 न्यूज़।
भारत सरकार ने अफगानिस्तान से देश लौटनेवाले नागरिकों के लिए एक बड़ा फ़ैसला लिया है। अफगानिस्तान में मौजूदा हालात और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने वहां से आने वाले सभी नागरिकों के लिए ई-वीजा को अनिवार्य कर दिया है। यानी अब बिना ई-वीजा के कोई भी अफगानी नागरिक भारत नहीं आ सकता है। जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने फैसला किया है कि अब अफगानिस्तान के नागरिक सिर्फ ई-वीजा पर ही भारत आ सकेंगे। केंद्र सरकार का कहना है कि यह फैसला अफगानिस्तान में लगातार बदल रही सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर लिया जा रहा है। बता दें कि सरकार ने पिछले हफ्ते ही अफगान नागरिकों के लिए खासतौर पर ई-इमरजेंसी वीजा जारी करने का ऐलान किया था। अब इस वीजा को मौजूदा आवेदन प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है। केंद्र सरकार ने कहा है कि इस फैसले के साथ ही अफगान नागरिकों को पहले जारी किए गए सभी वीजा अब अवैध हो गए हैं। हालांकि, यह व्यवस्था सिर्फ देश के बाहर मौजूद नागरिकों के लिए है। यानी पहले अफगान नागरिकों को जारी किए गए स्टूडेंट वीजा, टूरिस्ट वीजा, बिजनेस वीजा, आदि अब अवैध हो गए हैं। बीते दिनों अफगानिस्तान में मचे कोहराम के बीच कुछ अफगान नागिरकों के पासपोर्ट और पूर्व में जारी किए गए वीजा खोने की खबरें आई थीं। हालांकि, अब ये वीजा तत्काल प्रभाव से अवैध माने जाएंगे। अब जो अफगान नागरिक भारत आना चाहते हैं उन्हें www.indianvisaonline.gov.in पर जाकर ई-वीजा के लिए आवेदन करना होगा। बीते हफ्ते ही यह खबर आई थी कि अफगानिस्तान के हालात को देखते हुए भारत ने वीजा प्रावधानों की समीक्षा की है। बीते हफ्ते ही भारत में प्रवेश के लिए इलेक्ट्रॉनिक वीजा की शुरुआत की गई। ये एक नई श्रेणी है जिसे ई-आपातकालीन एक्स-विविध वीजा कहा जाता है। अब देखना होगा कि अफगानिस्तान से लौटने वाले नागरिक सरकार के इस फैसले को किस तरह लेते हैं!