Breaking News

आगामी डेढ़ साल में दस लाख नौकरियां देगी मोदी सरकार : पीएमओ

14 Jun, 2022 553

संवाददाता।in24 न्यूज़.
देश के बेरोजगारों के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी खुशखबरी दी है. दरअसल, मोदी सरकार ने अगले डेढ़ साल में दस लाख नौकरियां देने का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है. दरअसल, प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार की सुबह एक ट्वीट कर बताया गया कि अगले डेढ़ साल में मोदी सरकार दस लाख नौकरियां देगी. पीएमओ ने ट्वीट करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी विभागों और मंत्रालयों की समीक्षा की और निर्देश दिया है कि मिशन मोड में अगले डेढ़ वर्षों में दस लाख लोगों की भर्ती की जाए. इधर, केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पीएमओ की तरफ से नौकरी के एलान पर ट्वीट करते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में एक और कदम करार दिया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने समय के साथ सरकार को अधिक जिम्मेदार बनाया और सरकार का ध्यान अब लोगों पर केन्द्रित हो गया है. इधर, पीएमओ की ओर से किए गए नौकरियों वाले ट्वीट पर कांग्रेस ने तंज कसा है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली. इस देश में प्रजातंत्र की रौंद दिया गया है. बेरोजगारी ऐतिहासिक बढ़ी हुई है. पीएम कब तक ट्विटर ट्विटर करते रहेंगे! इसके साथ ही, सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि वादा था 2 करोड़ नौकरी हर साल देने का, 8 साल में देनी थी 16 करोड़ नौकरियां. अब कह रहे हैं साल 2024 तक केवल 10 लाख नौकरी देंगे. 60 लाख पद तो केवल सरकारों में ख़ाली पड़े हैं, 30 लाख पद केंद्रीय सरकार में ख़ाली पड़े हैं. जुमलेबाज़ी कब तक? गौरतलब है कि साल 2014 के चुनाव से पहले बीजेपी ने सरकार बनने पर हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आलम ये है कि मोदी सरकार के आठ साल के कार्यकाल में ये वादा पूरा नहीं हो पाया, उल्टे बेरोजगारी दर इतनी बढ़ गई कि कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. हालांकि अब 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव से पहले पीएम मोदी एक बार फिर से नौकरी देने का वादा कर फिर से सत्ता में आने की कोशिश करेंगे. बहरहाल, बेरोजगारों के लिए मोदी सरकार ने उम्मीद की किरण तो जगा ही दी है. 

अन्य खबरे