Breaking News

आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर भारत को दुनिया भर से मिलीं शुभकामनाएं

15 Aug, 2022 605

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आज भारत को दुनिया भर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। हालांकि, बधाइयों का दौर केवल धरती ही नहीं, बल्कि अंतरिक्ष तक भी जारी है। इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी गई है। इस बात की जानकारी अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने दी है। इसके अलावा कई देशों के प्रमुखों की तरफ से भी भारत को शुभकामनाएं भेजी गई हैं। संधू ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि सबकुछ संभव है। भारत आजादी के 75 सालों की खुशी मना रहा है।  एस्ट्रोनॉट समांथा का बधाइयों के लिए धन्यवाद। यह नासा, इसरो और ईएसए के बीच सच्ची साझेदारी है। इस वीडियो को इसरो ने भी शेयर किया है। यूरोपियन स्पेस एजेंसी (ESA) की एस्ट्रोनॉट समांथा क्रिस्टोफॉरेटी ने नासा और ईएसए की तरफ से भारत को शुभकामनाएं दी हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुएल मैक्रॉ ने लिखा कि प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, आपके स्वतंत्रता दिवस पर आपको बधाई। जब आप बीते 75 सालों से भारत की उपलब्धियों का जश्न मना रहे हैं, तो आप भरोसा कर सकते हैं कि फ्रांस हमेशा आपके साथ खड़ा है। इधर, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि करीब 40 लाख गौरवान्वित भारतीय-अमेरिकियों समेत दुनियाभर के लोगों द्वारा 15 अगस्त पर भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने के साथ ही अमेरिका महात्मा गांधी के सच और अहिंसा के चिरस्थायी संदेश द्वारा निर्देशित भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सम्मान में उसके लोगों के साथ है। बता दें कि भारत में हर घर तिरंगा की भी जमकर तारीफ हो रही है।

अन्य खबरे