आतंकियों ने श्रीनगर में बिहारी गोलगप्पे वाले की हत्या की
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आतंक पर लगातार शिकंजा कसने के बाद जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों ने ख़ूनी खेल शुरू कर दिया है। आतंकवादियों ने श्रीनगर के ईदगाह इलाके में एक गोलगप्पे वाले की गोली मारकर हत्या कर दी है। जानकारी के अनुसार, ईदगाह पार्क में बिहार के एक मजदूर के सिर में गोली मार दी है। जानकारी मिली है कि इस मजदूर का नाम अरविंद कुमार है और वह बिहार का रहने वाला था। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि गैर-स्थानीय वेंडर अरविंद कुमार की ईदगाह इलाके में आतंकियों ने हत्या कर दी है। पुलिस ने बताया कि बुरी तरह घायल शख्स को श्रीनगर के एक हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और हमलावर की तलाश जारी है। मेडिकल सुपरिटेंडेंट के अनुसार मृतक की पहचान अरविंद कुमार शाह के रूप में हुई है। उसकी उम्र 30 साल थी। पाकिस्तानी साजिश के मुताबिक, हाल ही में आतंकियों ने कई गैर-मुस्लिम और गैर-कश्मीरी लोगों की जान ली है। 5 अक्टूबर को श्रीनगर में बिहार के एक रेहड़ी वाले की हत्या कर दी गई थी। सितंबर में कुलगाम के नेहामा इलाके में आतंकियों ने बिहार के एक मजदूर की हत्या कर दी थी। पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई ने हाल ही में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में कई आतंकी संगठनों के नेताओं से मुलाकात की है और उन्हें जम्मू-कश्मीर में और हमले करने को कहा है, जिनमें कश्मीरी पंडितों और गैर-मुस्लिमों को निशाना बनाने को कहा गया है। इसके मुताबिक, एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, आईएसआई ने आतंकियों को टारगेट किलिंग बढ़ाने को कहा है। बता दें कि सुरक्षाबलों ने सर्च ऑप्रेशन बढ़ा दिया है।