Breaking News

इंटरनेट बैन करने में भारत दुनिया भर में अव्वल

02 Mar, 2023 538

संवाददाता/in24 न्यूज़.
इंटरनेट आज दुनिया की अहम ज़रूरतों में से एक है। अगर बात इंटरनेट शटडाउन (internet shutdown) करने की हो तो इस मामले में भारत (India) दुनिया भर में लगातार पांचवें साल सबसे आगे रहा है। 2022 में दुनिया में कुल 187 बार इंटरनेट पर बैन लगाया गया, जिसमें से 84 बार यह बैन भारत में लगा। इसमें भी सबसे ज्यादा इंटरनेट बैन जम्मू-कश्मीर में लगाया गया। यहां सालभर में 49 बार इंटरनेट बंद हुआ। यह रिपोर्ट न्यूयार्क के डिजिटल राइट्स एडवोकेसी ग्रुप एक्सेस नाउ ने जारी की है। रिपोर्ट में कहा गया कि जनवरी और फरवरी, 2022 में कश्मीर में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा के चलते तीन दिन लगातार इंटरनेट शटडाउन रहा था। इसके लिए एक के बाद एक 16 ऑर्डर जारी किए गए थे। अगस्त 2019 में केंद्र सरकार की तरफ से आर्टिकल 370 हटाए जाने और जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद से सरकार सुरक्षा कारणों से यहां के कई इलाकों में लगातार कम्युनिकेशन पर बैन लगाती आ रही है। इस सूची में दूसरे नंबर पर यूक्रेन रहा। 24 फरवरी, 2022 को रूस की तरफ से जंग छेड़े जाने के बाद रूसी सेना ने करीब 22 बार यूक्रेन में इंटरनेट कनेक्शन कट किया। सेना ने साइबर अटैक किए और टेलीकम्युनिकेशन इन्फ्रास्टक्चर को खत्म करने की कोशिशें कीं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर ईरान रहा, जहां 2022 में प्रशासन ने 18 बार इंटरनेट लॉकडाउन किया। यहां पर 16 सितंबर को 22 साल की कुर्दिश-ईरानी महिला म्हासा अमीनी की पुलिस कस्टडी में मौत होने के बाद देशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुए। इन्हें रोकने के लिए सरकार ने इंटरनेट पर रोक लगाई। बता दें कि पिछले साल भारत में सात साल में कुल 654 बार इंटरनेट बैन किया गया। इस दौरान दुनियाभर में कुल 1120 बार इंटरनेट शटडाउन किया गया। भारत में 2017 में 69 बार इंटरनेट बैन हुआ था। उसके बाद लगातार हर साल देश में 100 से ज्यादा बार इंटरनेट बैन किया गया। 2017 के बाद पहली बार 2022 में यह आंकड़ा 100 से कम रहा। बता दें कि इंटरनेट शटडाउन के पीछे सबसे बड़ी वजह होती है सुरक्षा ताकि किसी ख़ास हंगामे या हिंसक घटनाओं पर रोक लगाईं जा सके।  

अन्य खबरे