Breaking News

किसानों के प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट बेहद सख्त

01 Oct, 2021 688

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आंदोलन के नाम पर जिस तरह किसानों ने दिल्ली के जनजीवन पर असर डाला उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त रूप अख्तियार कर लिया है। किसान महापंचायत ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है। संगठन ने कोर्ट से अपील की है कि किसानों को जंतर मंतर पर केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करने की इजाजत दी जानी चाहिए। किसान महापंचायत की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा याचिका दायर करके प्रदर्शन की मांग करने का कोई मतलब नहीं है। कोर्ट ने कहा अगर आप अदालत में विश्वास रखते हैं, तो अदालत पर भरोसा करें। प्रदर्शन की क्या जरूरत है? एक ओर आपने पूरे शहर का गला घोंट दिया है और अब आप यहां (जंतर मंतर) आना चाहते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने किसान महापंचायत को याचिका की कॉपी केंद्रीय एजेंसी (विधि विभाग, केंद्र सरकार) और अटॉर्नी जनरल के कार्यालय भेजने का निर्देश दिया है। अदालत ने इस बाबत एक हलफनामा भी दाखिल करने का निर्देश दिया है कि किसान महापंचायत रोड ब्लॉक करने में शामिल नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर अगली सुनवाई सोमवार को होगी। शीर्ष अदालत ने किसान महापंचायत से कहा कि आपको विरोध करने का अधिकार है, लेकिन आप संपत्ति को नष्ट नहीं कर सकते हैं। यह व्यवसाय बंद होना चाहिए। आप डिफेंस के लोगों को भी परेशान कर रहे हैं, इसको भी रोकना होगा। बता दें कि सरकार के साथ अनेक बार बातचीत के बाद भी किसान आंदोलन खत्म करने के मूड में नहीं हैं।

अन्य खबरे