लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के निशाने पर अरविंद केजरीवाल बेटी हर्षिता को भी दी जान से मारने की धमकी, मांगे 7 करोड़ रुपये
आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के नाम पर दी गई है और इसके बदले 7 करोड़ रुपये की बड़ी रकम मांगी गई है। यह धमकी सीधे केजरीवाल को न भेजकर दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के फोन पर भेजी गई है।
विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 6 नवंबर 2026 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताते हुए लिखा कि अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। शिकायत के मुताबिक, उस व्हाट्सएप खाते की प्रोफाइल पर केवल 'एच' लिखा हुआ दिखाई दे रहा था।
इस गंभीर धमकी के बाद विधायक जरनैल सिंह ने पंजाब के मोहाली स्थित साइबर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले के मोबाइल नंबर और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही विधायक ने प्रशासन से अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है।