गणतंत्र दिवस की झांकी में दिखेगा राम मंदिर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
गणतंत्र दिवस की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान हमारे देश पर लागू हुआ था, इसके बाद से ही 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रुप में मनाया जाता है. इस मौके पर राजपथ पर विभिन्न झाकियां प्रदर्शित की जाती हैं. इस बार देश के 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर 32 झांकियां देखने को मिलेगी. इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश की झांकी में अयोध्या में बनने जा रहे राम मंदिर की झलक देखने को मिलेगी. राजपथ पर अयोध्या में बनने जा रहे भव्य राम मंदिर की झांकी देखना बहुत ही सुखद होगा. उत्तर प्रदेश की झांकी में राम मंदिर का मॉडल होगा. इस बार उत्तर प्रदेश की तरफ से अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को थीम बनाया गया है. उत्तर प्रदेश की झांकी में अयोध्या में होने वाला दीपोत्सव दिखाया जाएगा. अयोध्या में हाल ही में छह लाख दीपों के प्रज्जवल का गिनीज बुक रिकॉर्ड भी दिखाया जाएगा. भारतीय तकनीक और डिजिटल इंडिया की एक झलक भी झांकी में दिखाई जाएगी. झांकी में थ्रीडी एएल रोबोट का मॉडल दिखाई देगा. यह डिजिटल क्रांति को दिखाता है. इसके अलावा भीम एप, ई संजीवनी, ई विद्या नजर आएगा. गौरतलब है कि इस बार गणतंत्र दिवस पर आपको लद्दाख, असम, गुजरात, तमिल नाडु, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश आदि राज्यों की झांकी देखने को मिलेगी. इसके अलावा मंत्रालय की झांकियां और महत्त्वपूर्ण विभागों की झांकियां भी देखने को मिलेगी. इस मौके पर होने वाली परेड भी खास होगी. इस बार एंट्री प्वाइंट पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी. डॉक्टर और हेल्थ वर्कर भी इस दौरान मौजूद रहेंगे. इसके अलावा सैनिटाइजर, ग्लव्स और फेस मास्क की भी व्यवस्था होगी. 23 जनवरी को राजपथ पर फाइनल रिहर्सल की गई. बता दें कि कोरोना संकट से बचने का भी पूरा पूरा ख़याल रखा गया है.