Breaking News

चक्रवाती तूफान असानी ने अपना रास्ता बदला

11 May, 2022 590

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आजकल चक्रवाती तूफ़ान असानी ने कहर ढाया हुआ है. बंगाल की खाड़ी से उठे  चक्रवाती तूफान असानी ने अब रास्ता बदल लिया और अब ये आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने लगा है. असानी की दस्तक को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. क्योंकि इन तीनों ही जिलों में असानी से भीषण तबाही की आशंका है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, असानी बुधवार को काकीनाडा और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराएगा. इस दौरान 90 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है. इसके साथ ही यहां भारी बारिश भी हो सकती है. बताया जा रहा है कि चक्रवात असानी के असर से काकीनाडा में तेज़ हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं. साथ ही समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं. मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी, वेस्ट गोदावरी और यनम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कहा कि इन जिलों में तूफानी हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 55 से 65 किमी प्रति घंटे तक होगी. साथ ही कहीं-कहीं पर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.इसके अलावा मौसम विभाग ने तीन अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है, जिनमें श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापट्टनम जिले शामिल हैं. इन जिलों में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. साथ ही यहां 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी. इन जिलों में ये स्थिति गुरुवार यानी 12 मई की सुबह तक रहने की संभावना है.आंध्र प्रदेश में तूफान की आशंका को चलते विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर मंगलवार को सभीं उड़ाने रद्द कर दी गईं. इनमें इंडिगो की 23 और एयर एशिया की 4 उड़ाने शामिल हैं. इसके अलावा चेन्नई एयरपोर्ट पर आने वाली 10 फ्लाइटों को भी रद्द कर दिया गया है. तूफान को देखते हुए राहत और बचाव की तैयारियां कर ली गई हैं. साथ ही यहां अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में स्थानीय लोगों को सुरक्षा के प्रति सावधानी बरतना आवश्यक है. 

अन्य खबरे