Breaking News

चीन के साथ झड़प में कोई भी भारतीय जवान लापता नहीं

19 Jun, 2020 905

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
चीन की धोखेबाजी से भारत बखूबी परिचित है. भारतीय सेना और चीन की सेना के बीच 15-16 जून की रात हिंसक झड़क में 20 जवान शहीद हो गए थे. इस बीच खबरें आ रही थीं कि लद्दाख के गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में कुछ भारतीय जवान लापता भी हो गए. हालांकि सेना के सूत्रों ने इसे सिरे से नकार दिया है.  भारतीय सेना के सूत्रों ने जानकारी दी कि कोई भी जवान लापता नहीं है. बता दें कि देर रात हुए हिंसक झड़प में एक कर्नल समेत 20 जवान शहीद हो गए थे. पांच दशक में दोनों देशों के बीच यह पहली झड़प थी, जिसमें सेना का कोई जवान शहीद हुआ था. इसके अलावा चार और सैनिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सेना के सूत्रों ने यह भी जानकारी दी कि संघर्ष में चीन के 45 सैनिक या तो मारे गए अथवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग अफसर कर्नल संतोष बाबू ने चीन के कमांडिंग अफसर से समझौते का पालन करने को कहा था. उन्होंने गलवान नदी के पास के इलाके को खाली करने को कहा था. इस पर चीनी सेना काफी आक्रामक हो गई थी. चीनी सेना ने अचानक भारी संख्या में हमला बोल दिया था. चीनी सेना ने भारतीय सेना पर पत्थरबाजी शुरू कर दी थी. अचानक हुए इस हमले में बिहार रेजीमेंट के कमांडिंग ऑफिसर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें सेना के जवानों ने किसी तरह बचाकर निकाला था तथा इलाज के लिए बेस कैंप ले गए. इसके अलावा वहां मौजूद भारतीय जवान चीनी सैनिकों से मुकाबला करते रहे. थोड़ी देर में कुछ अन्य भारतीय सैनिक घटना स्थल पर पहुंचे. दूसरी तरफ और चीनी सैनिक भी वहां पर जमा हो गए. इसके बाद दोनों तरफ से जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई, यह आधी रात तक चलती रही थी. चूंकि वहां पर जगह कम थी और तीखे पहाड़ों पर फिसलन थी. इसके चलते कई जवान नाले में गिर गए तथा गलवान नदी में भी जा गिरे थे. झड़प में कई जवान घायल हुए थे. पहाड़ से फिसलकर गिरने से कई जवानों को  चोटें आई थीं. नदी में गिरने के कारण कई जवान हाइपोथर्मिया के शिकार भी हो गए. नदी का पानी काफी ठंडा था और बिल्कुल जमा हुआ था. झड़प रुकने के बाद सेना ने नदी में तलाशी अभियान चलाया. इसके बाद घायल जवानों को बाहर निकालकर पास के मेडिकल फैसिलिटी ले गए. ठंड की वजह से उनमें से कई जवानों की मेडिकल फैसिलटी के लिए ले जाने से पहले ही मौत हो चुकी थी.

अन्य खबरे