छत्तीसगढ़ बस हादसे राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जताया शोक
संवाददाता/in24 न्यूज़.
छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के कुम्हारी में बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बस दुर्घटना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन हर संभव तरीके से पीड़ितों की मदद करने में लगा हुआ है। बता दें कि मंगलवार की रात कुम्हारी के समीप केडिया डिस्टलरी के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस एक मुरुम खदान के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में गिर गई थी। बस में करीब 40 लोग सवार थे। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। मृतकों में चार महिलाएं भी हैं। कुछ अन्य घायलों की स्थिति अभी गंभीर है। बता दें कि इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।