जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के ग्रेनेड से हमले में पुलिसकर्मी शहीद
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के साथ एनकाउंटर में तीन जवान के शहीद होने के बाद अब कुलगाम में शनिवार को आतंकियों ने ग्रेनेड हमले को अंजाम दिया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक इस घटना में पुलिस के एक जवान शहीद हो गए हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए बताया कि कुलगाम के कैमोह में शनिवार रात ग्रेनेड हमले की घटना घटी। इस आतंकी घटना में पुंछ के मेंढर निवासी ताहिर खान घायल हो गए। उन्हें अनंतनाग के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान पुलिसकर्मी शहीद हो गए।आतंकियों द्वारा यह ग्रेनेड हमला ऐसे वक्त हुआ है जब सुरक्षा बलों ने घाटी में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है और पिछले कुछ दिनों में कई एनकाउंटर किए हैं। 13 अगस्त को श्रीनगर में एक अन्य ग्रेनेड हमले में सीआरपीएफ के एक जवान घायल हो गए थे। सीआरपीएफ के जवान उस वक्त घायल हो गए जब ईदगाह के पास आतंकियों ने उनपर ग्रेनेड से हमला किया। हालांकि यह ग्रेनेड उतना शक्तिशाली नहीं था जिससे जवान मामूली रूप से ही घायल हुए। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने दोषियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया है। पिछले सप्ताह जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सेना के एक शिविर पर जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों द्वारा आत्मघाती हमला किया गया जिसमें चार जवान शहीद हो गए थे। बाद में सुरक्षा बलों ने गोलीबारी में दोनों आतंकी को ढेर कर दिया। सुरक्षा बलों पर यह हमला आतंकियों द्वारा नागरिकों को लक्षित निशाना बनाए जाने की कई घटनाओं के बाद किया जा रहा है। इस सप्ताह से पहले जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों ने बिहार के एक 19 वर्षीय लड़के मोहम्मद अमरेज की गोली मारकर हत्या कर दी। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।