Breaking News

जम्मू में फिर दिखे दो ड्रोन

30 Jun, 2021 721

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पाकिस्तान लगातार ड्रोन के जरिये भारत को परेशान कर रहा है। जम्‍मू में एयर फोर्स बेस पर ड्रोन के जरिये गिराए गए विस्‍फोटक के बाद सैन्‍य ठिकानों के ऊपर ड्रोन के दिखने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। आज सुबह तड़के जम्‍मू के कालूचक और कुंजवनी में दो ड्रोन देखे गए हैं, जिसके बाद भारतीय सुरक्षा बल और ज्यादा सतर्क हो गए हैं। हालांकि, अभी तक इस घटना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि 27 जून की रात को जम्‍मू में एयर फोर्स बेस पर ड्रोन हमला किया गया था। डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि यह एक आतंकी हमला था। जो ड्रोन के जरिए आईईडी से किया गया। ड्रोन पर आईईडी बम के तौर पर इस्तेमाल किया गया। हमें घटना स्थल से कई सामान बरामद हुए हैं। इसके टुकड़े बरामद हुए हैं। उन्होंने साफ कहा कि आतंकवादी एक बड़ी साजिश को अंजाम देना चाहते थे। आतंकवादियों ने भीड़ में धमाके की भी साजिश रची थी। लेकिन वो कामयाब नहीं हुए। इस हमले में 2 जवान भी घायल हो गए थे। बता दें कि जम्मू हवाई अड्डा परिसर में स्थित वायुसेना स्टेशन पर हुए ड्रोन हमले की जांच मंगलवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने संभाल ली है। जम्मू एयर फोर्स स्टेशन पर ड्रोन के जरिए हुए हमले को भारत ने यूएन में उठाया है। भारत ने यूएन की जनरल एसेंबली में कहा है कि आतंकी गतिविधियों के लिए रणनीतिक और व्यवसायिक ठिकानों पर निशाना बनाने के लिए हथियारबंद ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। खबर के मुताबिक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव वीएसके कौमुदी ने यूएन में कहा कि आतंकी गतिविधि और प्रोपेगेंडा को आगे बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया, इंटरनेट का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने ड्रोन के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई है। बता दें कि पाकिस्तान की हरकत लगातार देखने को मिलती रही है।

अन्य खबरे