जारी है नाराज़ किसानों का दिल्ली चलो आंदोलन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश भर के किसानों में भारी नाराज़गी बानी हुई है और इनका दिल्ली चलो आंदोलन कल से जारी है. किसानों का कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन सरकारी मनाही के बाद भी जारी है. यह आंदोलन अब और अधिक आक्रामक होता जा रहा है। गुरुवार को पंजाब से चले किसानों का पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस के साथ संघर्ष हुआ। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भी हालात तनावपूर्ण रहे। शुक्रवार सुबह किसान पुलिस की सारी रोक हटाकर रोहतक पहुंच गए। वहीं यूपी के किसानों भी आज सड़कों पर उतरने का ऐलान कर चुके हैं। यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में भी किसानों ने हाईवे को जाम कर दिया है। पंजाब और हरियाणा बॉर्डर पर शुक्रवार की सुबह भी हंगामेदार रही। यहां रातभर किसान डटे रहे और सुबह होते ही नारेबाजी करते हुए दिल्ली कूच की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर किसानों को रोकने की कोशिश की। कृषि कानूनों के खिलाफ डटे किसान दिल्ली आने की जिद पर अड़े हुए हैं। कई अन्य राज्यों से भी किसानों की भीड़ दिल्ली की तरफ बढ़ती जा रही है. हालांकि सरकार किसानों से अपील की गई है कि बातचीत से ही समस्या का समाधान निकल सकता है. सरकार ने यह भी कहा है कि किसानों की आय दुगुनी करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है.